₹1 लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एसओजी और बांगरमऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Spread the love

संवाददाता | उन्नाव

उन्नाव जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में ₹1 लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बदमाश पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, रविवार 15 जून 2026 को सुबह करीब 3:40 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना बांगरमऊ में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित अपराधी इसराइल उर्फ इजराइल पुत्र शकरू, निवासी पूर्विया टोला कस्बा बांगरमऊ, अपने एक साथी का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही एसओजी और थाना बांगरमऊ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाश की घेराबंदी की। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।

मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक बदमाश पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था और वह 9 जून 2026 को बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले में वांछित था।

मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा चाकू बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *