लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की ताकत, क्षमता और नेतृत्व को नए नजरिए से देख रही है।
लखनऊ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने का अवसर पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई और शुभकामनाएं भेजकर उनके नेतृत्व की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी देश को दूरदर्शी, लोकप्रिय और निर्णायक नेतृत्व मिलता है तो उसके सकारात्मक परिणाम भी दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने व्यापक परिवर्तन देखा है और आज की युवा पीढ़ी नए भारत का नागरिक होने पर गर्व महसूस करती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद देश लगातार आगे बढ़ रहा है और विकास की यात्रा बिना रुके जारी है। उनके अनुसार भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और दुनिया को अपनी सामर्थ्य का एहसास कराया है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी मोदी सरकार के 12 वर्षों को देश के लिए परिवर्तनकारी बताया। शिमला में आयोजित “विकसित भारत संकल्प: मोदी सरकार के 12 साल – भरोसे, विकास और जन-कल्याण के साल” कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति, शासन व्यवस्था और विकास की सोच में ऐतिहासिक बदलाव आया है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है और देश को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में राजनीतिक विमर्श, शासन मॉडल और जनता की अपेक्षाओं में व्यापक बदलाव आया है। सरकार ने विकास, जनकल्याण और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
इस बीच नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को लगातार कार्यकाल में भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले लोकतांत्रिक प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी गई। नेताओं ने उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
